मीरजापुर : नदी से निकलकर सड़क पर आया मगरमच्छ,वन विभाग ने किया रेस्क्यू

 


मीरजापुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में हलिया थाना क्षेत्र के भटवारी गांव में शनिवार देर रात अदवा नदी से निकलकर करीब आठ फीट लंबा मगरमच्छ सड़क पर आ गया। बासु मौर्य के होटल के पास घर के बाहर मगरमच्छ देखकर परिजनों में दहशत फैल गई। टॉर्च की रोशनी में मगरमच्छ दिखाई दिए जाने पर लोगों ने उसके मुंह पर बोरा डालकर शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर जुट गए और वन विभाग को सूचना दी।

वन दरोगा सिद्धार्थ मौर्य ने बताया कि मगरमच्छ की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया। इसके बाद बोरे, बांस और रस्सी की मदद से उसे ददरी बांध के गहरे जलाशय में छोड़ दिया गया। मगरमच्छ के सुरक्षित पकड़े जाने और जलाशय में छोड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

मगरमच्छ को पकड़ने पहुंची वन विभाग की टीम में उनके साथ वन्यजीव रक्षक अंकित सिंह, शीतला बक्श सिंह, हीरामणि पटेल, राजाराम और अनिरुद्ध श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने भी टीम का सहयोग किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा