दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में बहन का धरना, मांगा न्याय

 




जौनपुर,18 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में बीते एक मई को बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में आरोपिताें की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। मृतक की बहन सौम्या बिंद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और न्याय की मांग को लेकर नारेबाजी की।

धरने के दौरान सौम्या बिंद ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा आरोपिताें के मकान ध्वस्त करने का आदेश दिए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन केवल आश्वासन दे रहे हैं, जबकि आरोपिताें के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उनका कहना था कि प्रशासन इस मामले को धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में डालना चाहता है। सौम्या बिंद ने कहा कि जब तक आरोपिताें की गिरफ्तारी नहीं होती और उन्हें सजा नहीं मिलती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने अनिश्चितकालीन धरने की घोषणा करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह और उनका परिवार भूख हड़ताल शुरू करेगा।

सौम्या बिंद ने कुछ नेताओं पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि कई लोग उनके परिवार के दुख को राजनीतिक मुद्दा बनाकर अपना हित साधने का प्रयास कर रहे हैं। धरना-प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव