देश की मातृ शक्ति को कमजोर समझने की भूल विपक्ष को पड़ेगी भारी : केशव प्रसाद मौर्य

 


नारी विरोध की राजनीति करने वालों का हश्र वैसा ही होगा जैसा लंका का हुआ : डिप्टी सीएम

प्रयागराज, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश की मातृ शक्ति को कमजोर समझने की भूल विपक्ष को भारी पड़ेगी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को नेतृत्व, निर्णय क्षमता और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका देने वाला ऐतिहासिक कदम है।

शुक्रवार को टाउन हाल स्थित जिला पंचायत सभागार में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह अधिनियम केवल 33 प्रतिशत आरक्षण नहीं, बल्कि महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने का संकल्प है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि दशकों से लंबित मांग को पूरा कर देश की आधी आबादी को सशक्त किया गया है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाले दलों का राजनीतिक भविष्य अंधकारमय है। सपा और कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि नारी विरोध की राजनीति करने वालों का हश्र वैसा ही होगा जैसा लंका का हुआ था। “आधी आबादी से जो टकराएगा, वह सत्ता से चला जाएगा,” उन्होंने जोर देते हुए कहा।

मुस्लिम महिलाओं को अलग से शामिल करने की मांग वोट बैंक की राजनीति

सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण में मुस्लिम महिलाओं को अलग से शामिल करने की मांग वोट बैंक की राजनीति है और जनता अब ऐसी राजनीति को समझ चुकी है।

महिलाओं का हुआ सम्माननारी शक्ति वंदन सम्मेलन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 24 महिलाओं सहित महेवा नैनी से यमुना नदी(100 मीटर) की दूरी मात्र 21 मिनट 28 सेकेंड में तैरकर पार करने वाली असाधारण 4 वर्षीय नन्ही जलपरी सत्या भारती व 15 वर्षीय फुटबॉल खिलाड़ी स्वाती को भी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने स्मृति चिन्ह व अंग वस्त्र भेंट कर मातृ शक्ति का सम्मान किया। इससे पहले महिलाओं ने मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का माला पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत अभिनंदन किया।

कार्यक्रम की संयोजिका भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री कविता यादव त्रिपाठी रहीं। संचालन आभा मधुर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री डॉ कृतिका अग्रवाल ने दिया। भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, गीता विश्वकर्मा, वंदना सिंह, अनामिका चौधरी, शिखा रस्तोगी, डॉ रीता बहुगुणा जोशी, अर्चना शुक्ला, अभिलाषा गुप्ता नंदी, शशि वार्ष्णेय, छाया देवी, अवधेश चंद्र गुप्ता, डॉ शैलेश पांडेय, शोभिता श्रीवास्तव, चंद्रा अहलूवालिया, पार्षद दीपिका पटेल, स्वारिका भारद्वाज, दुर्गेश नंदिनी, प्रियंका पराशर, रीता सिंह, प्रिया कैथवास, शिखा खन्ना, मनोरमा राय आदि बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। मीडिया व्यवस्था में प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, उमेश तिवारी, दिलीप चतुर्वेदी, शुभम सिंह, सुजीत कुशवाहा रहे। अनुज कुशवाहा, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, दीप द्विवेदी, गया प्रसाद, गोपाल श्रीवास्तव राजेश गोंड पार्षद आशीष द्विवेदी पार्षद नीरज गुप्ता आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल