भीषण गर्मी से बेहाल भालू पानी की तलाश में भटक कर पर्यटकों के सामने आया, वाटर होल पर बुझाई प्यास

 


– दुधवा टाइगर रिजर्व में पर्यटकों को दिखा दुर्लभ नजारा, 40 मिनट तक जंगल में घूमता रहा भालू

– महाराष्ट्र से आए पर्यटकों और गाइड ने कैमरे में कैद किया रोमांचक पल, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

लखीमपुर खीरी, 16 मई (हि.स.)। तपती धूप और भीषण गर्मी का असर अब जंगलों में वन्यजीवों पर भी साफ दिखने लगा है। दुधवा टाइगर रिजर्व की दुधवा रेंज में शनिवार सुबह की सफारी के दौरान पर्यटकों को एक बेहद दुर्लभ और रोमांचक नजारा देखने को मिला। चिलचिलाती धूप में पानी की तलाश में भटक रहा एक भालू अचानक झाड़ियों से निकलकर पर्यटकों की जिप्सी के सामने आ गया। करीब 40 मिनट तक पानी के लिए मशक्कत करने के बाद भालू ने एक वाटर होल पर अपनी प्यास बुझाई। भालू के इस अंदाज को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे।

दुधवा टाइगर रिजर्व में इन दिनों वन्यजीवों को देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक पहुंच रहे हैं। शनिवार सुबह महाराष्ट्र से आए कुछ पर्यटकों का एक दल सफारी के लिए निकला था। उसे गाइड पवन कुमार जंगल के रास्तों पर लेकर गए थे। वापसी के दौरान अचानक घनी झाड़ियों को चीरते हुए एक विशालकाय भालू पर्यटकों के ठीक सामने आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भालू तेज चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के कारण काफी परेशान और हांफता हुआ दिखाई दे रहा था। वह पानी की तलाश में व्याकुल होकर करीब 40 मिनट तक इधर-उधर भटकता रहा। काफी खोजबीन के बाद आखिरकार भालू को जंगल के भीतर बने एक कृत्रिम वाटर होल (पानी के गड्ढे) में पानी मिल गया। पानी पीने और खुद को थोड़ा शांत करने के बाद भालू धीरे-धीरे वापस घने जंगल के अंदर चला गया।

कैमरे में कैद हुआ रोमांच, वीडियो वायरल

सामने अचानक भालू को देखकर जिप्सी में सवार महाराष्ट्र के पर्यटक अपनी सांसें थामे रहे और इस अद्भुत नजारे को तुरंत अपने कैमरों में कैद कर लिया। सफारी गाइड पवन ने भी सूझबूझ दिखाते हुए भालू की इस चहलकदमी का एक बेहद शानदार वीडियो रिकॉर्ड किया। पर्यटकों द्वारा सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे प्रकृति और वन्यजीव प्रेमियों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव