2014 के बाद देश में विकास का नया सूर्योदय हुआ : डॉ. विशाल मिश्रा

 


बलरामपुर 19 जून (हि.स.)। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. विशाल मिश्रा शुक्रवार को जनपद बलरामपुर के तुलसीपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नगर के प्रबुद्धजनों, शिक्षकों, व्यापारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से भेंट कर केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद स्थापित करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी साझा की।

इस प्रवास में हिन्दुस्थान समाचार बहुभाषी न्यूज एजेंसी के प्रतिनिधि प्रभाकर कसौधन ने डॉ. मिश्रा से विशेष बातचीत की। वार्ता में डॉ. मिश्रा ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, विश्वास और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। इसी सोच के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा जल जीवन मिशन जैसी योजनाएं संचालित की गई हैं। इन योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद शुरू हुई विकास यात्रा आज देश के प्रत्येक क्षेत्र में दिखाई दे रही है।

व्यापार एवं उद्योग के क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू होने के बाद व्यापार व्यवस्था अधिक सरल और पारदर्शी बनी है। ‘वन नेशन, वन टैक्स’ की अवधारणा ने देशभर के व्यापारियों को एक समान कर व्यवस्था प्रदान की है, जिससे व्यापार को बढ़ावा मिला है। महिला सशक्तिकरण पर डॉ. मिश्रा ने कहा कि केंद्र एवं विभिन्न राज्यों की डबल इंजन सरकारों ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए हैं। उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और महिलाएं पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित वातावरण में जीवनयापन कर रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में देश के नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण होगी और भारत आने वाले वर्षों में विश्व की अग्रणी शक्तियों में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।--------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन