वृद्ध की गंगा में डूबने से मौत, दो दिन बाद मिला शव
मीरजापुर, 15 जून (हि.स.)। दाह संस्कार में शामिल होने गए एक वृद्ध की गंगा स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना के दो दिन बाद सोमवार को उनका शव चील्ह थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर गंगा घाट पर उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चेतगंज पुलिस चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि भदाेही निवासी शिवसागर यादव (60) बीती शनिवार को गोपीगंज क्षेत्र के गंगा घाट पर एक दाह संस्कार में शामिल होने गए थे। अंतिम संस्कार के बाद वह गंगा स्नान करने लगे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को चील्ह थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर गंगा घाट पर एक शव उतराता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों की सूचना पर चेतगंज चौकी प्रभारी संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस ने मामले की जानकारी भदोही जनपद के गोपीगंज थाना को दी। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान शिवसागर यादव के रूप में की। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले में अग्रिम विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा