मंडल रेल प्रबंधक ने 11 रेलकर्मियों को एक्सीलेंस अवार्ड से किया सम्मानित

 


वाराणसी, 16 अक्टूबर (हि. स.)। वाराणसी में पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शुक्रवार को मंडल कार्यालय स्थित भारतेन्दु सभागार में आयोजित समारोह में संरक्षा, सुरक्षा एवं राजस्व वृद्धि के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले 11 रेलकर्मियों को एक्सीलेंस अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया।

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि रेलवे में संरक्षा की उत्कृष्ट परंपरा को लगातार एक वर्ष तक बनाए रखना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके लिए उन्होंने संरक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। मंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों के प्रयासों की सराहना करना तथा सोशल मीडिया के माध्यम से उनके उल्लेखनीय कार्यों का प्रचार-प्रसार करना आवश्यक है, ताकि अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिल सके।

मण्डल रेल प्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की संरक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मंडल के सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ किए गए कार्यों के परिणामस्वरूप संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं। इससे रेलवे की कार्यप्रणाली और छवि में निरंतर सकारात्मक सुधार हुआ है। रेलगाड़ियों का सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें प्रत्येक रेलकर्मी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आशुतोष पांडेय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर द्वितीय अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अनुभव पाठक, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी पंकज चुघ, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर(परिचालन) अजय कुमार, मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण) विरेन्द्र भारती सहित कर्मचारी उपस्थित थे।

एक्सीलेंस अवार्ड पाने वाले रेल कर्मी

मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने जिन 11 रेलकर्मियों को सम्मानित किया, उनमें अभिषेक पटेल वरिष्ठ लेखाकार, बालकृष्ण वाणिज्य लिपिक सह टिकट परीक्षक, गाजीपुर सिटी, दिनेश कुमार अस्थाना विद्युत फिटर, प्रयागराज रामबाग, आलोक नाथ शर्मा वरिष्ठ लोको पायलट, क्रू लॉबी, गोरखपुर पूर्व, रामेन्द्र कुर्मी संविदा गेटमैन, इंजीनियरिंग विभाग, समपार संख्या, संजय कुमार मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, सीवान, अनुराग सिंह यादव स्टेशन मास्टर, परिचालन, गाजीपुर घाट, राज कुमार स्टेशन मास्टर, परिचालन, उन्नौला, भभूती यादव टेक्नीशियन प्रथम, सुरेमनपुर, साधना सिंह रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब), औड़िहार और भानु प्रताप — तकनीशियन (कर्षण), औड़िहार शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद