चुनार रेलवे स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

 


मीरजापुर, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने गुरुवार को चुनार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर निर्माणाधीन परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफार्म पर निर्माण कार्य के चलते बने गड्ढों और अन्य कमियों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने प्लेटफार्म, टिकट घर, स्टेशन भवन के बाहर चल रहे निर्माण कार्य, ग्रेनाइट एवं टाइल्स बिछाने, पेयजल व्यवस्था तथा वर्षा ऋतु को देखते हुए बनाए जा रहे शेड की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने विश्वनाथपुरी स्टेशन से डीएफसीसी के न्यू डगमगपुर स्टेशन तक प्रस्तावित कॉर्ड लाइन के निर्माण स्थल और उसके एप्रोच का भी निरीक्षण किया तथा कार्य शीघ्र शुरू कराने को कहा। करीब दो माह पूर्व क्षतिग्रस्त हुए पिरल्लीपुर रेलवे पुल का निरीक्षण कर जुलाई के अंत तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य तय किया। साथ ही पिरल्लीपुर के पास डीएफसी लाइन के किनारे बाउंड्रीवाल निर्माण और कॉर्ड लाइन में आ रही बाधाओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि कॉर्ड लाइन बनने के बाद सोनभद्र की ओर जाने वाली मालगाड़ियों का परिचालन अधिक सुगम और तेज हो जाएगा। डीआरएम ने प्लेटफार्म संख्या एक से पांच तक बन रहे नए फुट ओवरब्रिज के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) धनंजय कुमार सिंह सहित प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा