दुर्गा जी मोड़ पर तखत पर मिला ऑटो चालक का शव, संदिग्ध हालात में मौत
मीरजापुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। चुनार थाना क्षेत्र के दुर्गा जी मोड़ पर सर्विस लेन के किनारे एक दुकान के पास शनिवार सुबह तखत पर 25 वर्षीय ऑटो चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान जमालपुर थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी प्रदीप कुमार (25) पुत्र खुदीराम के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने प्रदीप को शुक्रवार रात तखत के पास नशे की हालत में देखा था। शनिवार सुबह वह तखत पर मृत मिला। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
चुनार थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने बताया कि युवक के मृत मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच की जा रही है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा