फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी ने जन प्रतिनिधियों के साथ स्ट्रांग रूम की देखी व्यवस्था
फर्रुखाबाद, 30 जुलाई (हि.स)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में आगामी निर्वाचन संबंधी तैयारियों के लेकर
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने एडीएम अरुण कुमार सिंह व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित
जनप्रतिनिधियों ने भी सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar