होमगार्ड भर्ती परीक्षा का जिलाधिकारी, एसएसपी ने लिया जायजा
फिरोजाबाद, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के साथ शनिवार को होमगार्ड पुलिस की लिखित परीक्षा का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के साथ दाऊ दयाल महिला डिग्री कॉलेज और एम. जी. महिला पीजी कॉलेज का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने यहां पर स्थापित कंट्रोल रूम को बारीकी से देखा, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता और निगरानी व्यवस्था को परखते हुए निर्देश दिए की यहां की हर गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों के मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों की तलाशी और पहचान पत्र सत्यापन की व्यवस्था को देखा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गेट पर चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की शीथिलता न बरती जाए और वर्जित सामग्री को पूरी तरह से रोका जाए। उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा की सुचिता बनाए रखना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को मुस्तैद और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़