डीएम-एसपी ने निर्माणाधीन रिजर्व पुलिस लाइन का किया निरीक्षण

 


औरैया, 12 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में निर्माणाधीन रिजर्व पुलिस लाइन के कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने शुक्रवार को थाना फफूंद क्षेत्र के शेरपुर सरैया स्थित निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों के अनुपालन तथा कार्य की प्रगति का गहन अवलोकन किया।

डीएम और एसपी ने निर्माणाधीन भवनों, कार्यालयों, आवासीय परिसरों तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि रिजर्व पुलिस लाइन जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसलिए निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखते हुए कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने भी निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि पुलिस कर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन का निर्माण कराया जा रहा है। ऐसे में सभी कार्य गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए तेजी से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता या देरी पाई गई तो जिम्मेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक औरैया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निर्माण स्थल का भ्रमण कर कार्यों को शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने पर बल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार