छठ पर व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा का जिम्मा, डीएम-एसपी ने परखा गंगा घाट

 


मीरजापुर, 13 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार शाम जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक ने भोगांव स्थित उत्तर वाहिनी गंगा घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश, आवागमन के रास्ते, बैठने, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। घाट पर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्थानीय लोगों की ओर से बताई गई समस्याओं के शीघ्र समाधान का भी आश्वासन दिया।

एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने घाट पर महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोग, छठ पूजा समिति के सदस्य, ग्राम प्रधान और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा