औरैया डीएम-एसपी ने पीएम श्री नवोदय विद्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण
औरैया, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पीएम श्री नवोदय विद्यालय तैइयापुर में आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, भोजन, छात्रावास एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति परखी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि शासन की शिक्षा एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार गुणवत्तापूर्ण एवं डिजिटल शिक्षा के साथ कौशल विकास, खेलकूद और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दे रही है। विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को इन सुविधाओं का अधिकतम लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, परिसर की सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की जानकारी ली। एसपी ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालय प्रशासन एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने विद्यालय में पेयजल, भोजन की गुणवत्ता, छात्रावास, शौचालय, विद्युत व्यवस्था और साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद डीएम और एसपी ने विद्यालय के भोजनालय का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता एवं तैयार करने की प्रक्रिया को परखा। दोनों अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई, विषयों की समझ और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों की समस्याओं और आवश्यकताओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार