फिरोजाबाद में नो व्हीकल डे : पैदल कार्यालय पहुंचे जिलाधिकारी व सीडीओ सहित अन्य बड़े अधिकारी
फिरोजाबाद, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को नो व्हीकल डे घोषित किए जाने की घोषणा के बाद आज पहले दिन शुक्रवार काे जिलाधिकारी, सीडीओ सहित कई अधिकारी पैदल ही कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आम लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
फिरोजाबाद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से सहयोग की अपील करते हुए जनपद में प्रत्येक शुक्रवार को 'नो व्हीकल डे' (वाहन मुक्त दिवस) मनाने की घोषणा की है। शुक्रवार को प्रथम दिन ही जिलाधिकारी की इस पहल का असर प्रशासनिक अधिकारियों पर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। स्वयं जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा व मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य पैदल कार्यालय पहुंचे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी पैदल चलकर पेट्रोल-डीजल बचाने का संदेश दिया। जिलाधिकारी दोपहर में भी कार्यालय से वापस आवास पैदल ही गए। उन्होंने आम लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि लगातार बढ़ते प्रदूषण और ईंधन की खपत को कम करने के लिए छोटे-छोटे प्रयास महत्वपूर्ण हैं। उनका मानना है कि यदि सप्ताह में केवल एक दिन भी लोग निजी वाहनों का उपयोग कम करें, तो इससे ईंधन की बचत होगी और पर्यावरण को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
प्रशासन का मानना है कि नो व्हीकल डे से लोगों में पैदल चलने और साइकिल का उपयोग करने की आदत को बढ़ावा मिलेगा, जिससे उन्हें स्वास्थ्य लाभ भी प्राप्त होगा।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़