मुरादाबाद : जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, स्वच्छता एवं रखरखाव के बाबत दिए निर्देश
मुरादाबाद, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने शनिवार काे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला संयुक्त चिकित्सालय (जिला अस्पताल) के ओपीडी परिसर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, उपचार एवं जांच व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चिकित्सालय जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान में स्वच्छता एवं रखरखाव की व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी के आकस्मिक निरीक्षण से चिकित्सालय की व्यवस्थाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति की भी जानकारी प्राप्त हुई। निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय के ओपीडी परिसर में सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी अपनी वेशभूषा में उपस्थित पाए गए। ओपीडी में मरीजों के उपचार एवं आवश्यक जांच का कार्य सुचारू रूप से संचालित होता मिला। चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को चिकित्सकों द्वारा समय से उपचार उपलब्ध कराया जा रहा था। व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी ने उपचार एवं जांच की प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने ओपीडी परिसर सहित चिकित्सालय में साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल