जिलाधिकारी बने टीचर, बच्चों से पहाड़ा सुनकर पठन पाठन गुणवत्ता को परखा

 


फिरोजाबाद, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिराेजाबाद जनपद में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को विकासखंड शिकोहाबाद के प्राथमिक विद्यालय किशनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक स्थितियों का बारीकियों से जायजा लिया तथा बच्चों से पहाड़ा सुनकर पठन-पाठन की गुणवत्ता को परखा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने स्वयं कक्षा दाे व कक्षा चार में जाकर बच्चों की पढ़ाई व पठन पाठन की गुणवत्ता को परखा। कक्षा चार की छात्रा आंचल और गुंजन ने जिलाधिकारी द्वारा पूछे गए प्रश्नों का सही उत्तर दिया। छात्रा गुंजन ने 18 का पहाड़ा जिलाधिकारी को निर्बाध रूप से सुनाया, जिस पर जिलाधिकारी ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की।

जिलाधिकारी ने कक्षाओं में जाकर उपस्थित बच्चों को टॉफी का वितरण भी किया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मंजू यादव ने बताया कि विद्यालय में कुल 109 छात्र-छात्राऐं पंजीकृत हैं, जिनके सापेक्ष निरीक्षण के समय 66 छात्र-छात्राएं भी उपस्थित पाए गए। विद्यालय में कुल 06 शिक्षक तैनात हैं जिनमें माैके पर पांच शिक्षक उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने मिड-डे मील, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता तथा रसोइयों के मानदेय भुगतान की जानकारी प्राप्त की। उन्हें अवगत कराया गया कि मिड-डे मील विद्यार्थियों को मेनू के अनुसार दिया जा रहा है। स्वच्छता के लिए लगातार सफाई कर्मचारी यहां पर आकर साफ-सफाई करता है। साथ ही रसोइयों को विगत माह तक मानदेय प्राप्त हो चुका है।

जिलाधिकारी ने विद्यालय के बाहर एकत्र हुए ग्रामीण और अभिभावकों से संवाद कर उन्हें अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाध्यापिका मंजू यादव को सख्त शब्दों में निर्देशित किया कि बच्चों की उपस्थिति विद्यालय में शत-प्रतिशत रहे, पठन-पाठन की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता मंजूर न हाे। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई, तो संबंधित पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार भी मौजूद रहें।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़