गोवर्धन पूजा पर गोशालाओं में हुए विशेष कार्यक्रम, डीएम ने किया सघन निरीक्षण

 




फिरोजाबाद, 10 नवंबर (हि.स.)। गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर मंगलवार को जनपद की सभी गौशालाओं में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद शिकोहाबाद द्वारा संचालित गौशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और सम्मानित जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से गोवंश का पारंपरिक पूजन किया।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य गौशालाओं को जनसामान्य से जोड़ना और वहां की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाना है। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा के अवसर पर जनपद की प्रत्येक गौशाला में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में गोवंश का पूजन किया जा रहा है और प्रशासन का यह प्रयास गोवंश संरक्षण के प्रति जनसहभागिता को बढ़ावा देना है।

गौशालाओं में व्यापक साफ-सफाई और संपूर्ण स्वच्छता का कार्यक्रम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गोवंश के समुचित खान-पान के लिए चारे-भूसे की पर्याप्त उपलब्धता के साथ-साथ आवश्यक दवाओं का प्रबंध किया जा रहा है। आगामी शीत ऋतु के मद्देनजर गोवंश के बचाव के लिए विशेष इंतजाम करने पर जोर दिया गया है, ताकि ठंड से उनकी उचित देखभाल हो सके। प्रशासन का यह प्रयास गौशालाओं के बेहतर संचालन और गोवंश की देखरेख की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़