गायाें के संरक्षण और देखरेख में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त - जिलाधिकारी
फिरोजाबाद, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने रविवार को शिकोहाबाद स्थित आदर्श अस्थाई गौशाला का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सख्त निर्देश दिए कि गौशाला में जो भी गोवंश बीमार हैं, उन्हें तुरंत अन्य पशुओं से अलग (आइसोलेट) रखा जाए और उनकी विशेष देखभाल सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के समय गौशाला में कुल 46 गोवंश पाए गए, जिनमें 12 नंदी शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि हर गौशाला को एक 'मानवीय दृष्टिकोण' के साथ विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने गोवंश के गोबर व अन्य अपशिष्टों के उचित और संक्षिप्त उपयोग (जैसे जैविक खाद या वर्मीकंपोस्ट) हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए ताकि गौशालाएँ आत्मनिर्भर बन सकें। गौशालाओं में आम जनता की भागीदारी और गतिविधियाँ बढ़ाई जाएं, जिससे गायों के साथ आम आदमी का एक भावनात्मक और पारस्परिक संबंध स्थापित हो सके। इससे शासन की मंशानुसार जन-सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़