ग्लास म्यूजियम ऑडिटोरियम का कार्य नवंबर से पूर्व हर हाल में हो पूरा, लापरवाही पर होगी दंडात्मक कार्रवाई : जिलाधिकारी
फिरोजाबाद, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को ग्लास म्यूजियम ऑडिटोरियम के निर्माण व सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चल रहे कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया और कार्यदायी संस्था व संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरा कार्य आगामी नवंबर माह से पूर्व हर हाल में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण कर लिया जाए।
जिलाधिकारी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कार्य में अनावश्यक देरी या लापरवाही पाई गई, तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी और वे स्वयं दंड के भागी होंगे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ऑडिटोरियम की संरचनात्मक सजावट और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम की सुंदरता के साथ-साथ वहां आने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से किसी भी प्रकार की कमी या खामी नहीं छूटनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अभियंताओं को निर्देश दिया कि शेष बचे कार्यों की दैनिक स्तर पर मॉनिटरिंग की जाए, श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य को गति दी जाए और निर्धारित समयावधि के भीतर ऑडिटोरियम को पूरी तरह तैयार कर हस्तांतरित किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़