यमुना के बढ़ते जलस्तर पर डीएम ने अस्ता गांव का किया दौरा, राहत व्यवस्थाओं के दिए निर्देश
औरैया, 14 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में यमुना नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने शुक्रवार को तहसील औरैया के बाढ़ प्रभावित ग्राम अस्ता का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से पूर्व में आई बाढ़ और उससे उत्पन्न समस्याओं की जानकारी ली।
डीएम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से जलस्तर तथा संभावित प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, वहां तत्काल नावों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निचले और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी पहले से रखी जाए।
संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में शीघ्र राशन किट वितरित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण यदि किसी परिवार को भोजन पकाने में परेशानी होती है तो ऐसे परिवारों को भोजन के पैकेट उपलब्ध कराए जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। पर्याप्त मात्रा में भूसा और पशु चारे की व्यवस्था कराने के साथ ही शत-प्रतिशत पशु टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित और संभावित प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमें तैनात रहे। सर्प, कीड़े-मकौड़े या अन्य जीव-जंतुओं के काटने की घटनाओं में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए। गर्भवती महिलाओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित कराया जाए।
जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में सभी विभाग आपसी समन्वय से तत्काल कार्रवाई करें। बाढ़ की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखते हुए आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे। आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करें।
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार