त्योहारों में नई परंपरा शुरू न करें, अफवाहों से बचें : जिलाधिकारी
औरैया, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में दुर्गा पूजा, दशहरा, रामलीला और दीपावली समेत आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में पीस कमेटी की बैठक हुई। जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की अध्यक्षता में हुई बैठक में धर्मगुरुओं, आयोजन समितियों के पदाधिकारियों, पीस कमेटी सदस्यों और अधिकारियों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी करीब डेढ़ माह तक विभिन्न पर्व और धार्मिक आयोजन होने हैं। सभी त्योहार जिले में परंपरागत रूप से शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाए जाते रहे हैं। उन्होंने लोगों से इस बार भी मिल-जुलकर त्योहार मनाने तथा किसी अफवाह या अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करने की अपील की।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा या नई गतिविधि शुरू न की जाए। आयोजन पूर्व निर्धारित और पारंपरिक तरीके से ही किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी किसी स्थिति की जानकारी मिलने पर संबंधित लोगों से तत्काल संवाद कर समाधान कराया जाए। साथ ही बिना सत्यापन कोई सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करने को कहा।
रामलीला आयोजनों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि रात में होने वाले आयोजनों के दौरान मुख्य मार्गों पर भीड़ एकत्र न हो। प्रवेश और निकास की पर्याप्त व्यवस्था के साथ यातायात सुचारु रखा जाए। एरवा कटरा क्षेत्र में करीब 15 रामलीलाओं को देखते हुए आयोजन स्थलों, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का पूर्व परीक्षण कराने को कहा गया।
दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर डीएम ने नदियों में सीधे विसर्जन पर रोक लगाने और चिन्हित सुरक्षित स्थानों पर अस्थायी तालाब बनाकर विसर्जन कराने के निर्देश दिए। बच्चों को नदी, तालाब और गहरे पानी के आसपास जाने से रोकने तथा विसर्जन में जिम्मेदार वयस्कों की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह ने पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों पर अग्नि सुरक्षा मानकों की जानकारी दी। डीएम ने पर्याप्त प्रवेश-निकास द्वार, आपात रास्ते, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था और अग्निशमन उपकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को अस्थायी कनेक्शन और तारों की जांच के निर्देश भी दिए गए।
पटाखों की बिक्री केवल अधिकृत विक्रेताओं से कराने, दुकानों का पूर्व निरीक्षण करने तथा अवैध भंडारण या बिना अनुमति बिक्री पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। धार्मिक जुलूसों के निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने तथा पूर्व विवाद वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण, निगरानी और सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा समेत प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी, निकायों के अधिकारी, धर्मगुरु और प्रतिष्ठित नागरिक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार