गांधी जयंती : ज़िलाधिकारी ने झाडू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
फिरोजाबाद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद में गांधी जयंती पर शुक्रवार को ज़िलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट एवं न्यायालय परिसर में बृहद श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान आयोजित हुआ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर शुक्रवार को ज़िलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष श्रमदान एवं स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान ज़िलाधिकारी सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं झाड़ू थामकर परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया। इस श्रमदान कार्यक्रम में ज़िलाधिकारी के साथ अपर ज़िलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) तथा उप-ज़िलाधिकारी धर्मवीर भारती सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कलेक्ट्रेट में श्रमदान के पश्चात ज़िलाधिकारी ने न्यायालय परिसर का रुख किया। न्यायालय परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में ज़िलाधिकारी ने सभी अधिवक्तागणों के साथ मिलकर श्रमदान किया और परिसर की साफ-सफाई की। अधिवक्ताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों की इस संयुक्त सहभागिता ने स्वच्छता के प्रति एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर ज़िलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि इसे हमें अपनी दैनिक जीवनशैली और कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। पूज्य बापू के 'स्वच्छ भारत' के स्वप्न को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग अनिवार्य है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने परिसर को निरंतर स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़