तीन स्वर्ण पदक जीतने वाले शिवराज बिंद का जिलाधिकारी ने बढ़ाया हौसला
मीरजापुर, 15 नवंबर (हि.स.)। कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित सातवीं नेशनल योगासन चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक जीतकर मीरजापुर जिले का नाम रोशन करने वाले शिवराज बिंद की जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने रविवार काे सराहना की। उन्होंने शिवराज को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बौंता विशेषर गांव निवासी किसान बनवारी लाल के पुत्र शिवराज बिंद ने बेंगलुरु स्थित भारत स्काउट गाइड भवन में कर्नाटक स्टेट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सुपर सीनियर वर्ग में दो और ट्रेडिशनल इवेंट में एक स्वर्ण पदक हासिल किया।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शिवराज का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास और योगासन के प्रति समर्पण उन्हें भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
जिला खेल अधिकारी धर्मवीर ने भी शिवराज की खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिवराज की इस उपलब्धि पर ग्राम प्रशासक शोभनाथ बिंद, मनोज पाठक, अनूप सिंह, आशीष द्विवेदी, विद्या सरोज, राजेश कन्नौजिया, दिलीप, पंकज, अमलेश और रमेश सहित अन्य लोगों ने खुशी जताते हुए बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा