पटाखों के लाइसेंस जारी करने से पहले जांचें सभी अनापत्तियां, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

 


औरैया, 30 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दीपावली पर्व को देखते हुए जनपद में पटाखों की बिक्री, भंडारण और आतिशबाजी से संबंधित लाइसेंस निर्गमन की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने शुक्रवार को समस्त उप जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनसुरक्षा, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि पटाखों की बिक्री अथवा भंडारण के लिए किसी भी व्यक्ति को लाइसेंस जारी करने से पहले सभी आवश्यक अनापत्तियों और निर्धारित औपचारिकताओं की गहनता से जांच की जाए। संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त होने और उनका परीक्षण किए बिना किसी भी स्थिति में लाइसेंस जारी न किया जाए। लाइसेंस निर्गमन की प्रक्रिया में निर्धारित नियमों, शर्तों और सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में पटाखों की दुकानों और भंडारण स्थलों के लिए निर्धारित स्थानों का नियमानुसार परीक्षण कराएं। बिक्री केवल निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही कराई जाए। दुकानों पर अग्निशमन सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं।

डीएम ने कहा कि बिना वैध लाइसेंस के पटाखों की बिक्री और भंडारण किसी भी दशा में नहीं होना चाहिए। लाइसेंसधारक दुकानदारों द्वारा निर्धारित शर्तों का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसकी नियमित निगरानी की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि दीपावली पर आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से जिम्मेदारी निभाएं, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अविनाश चंद्र मौर्य, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विपिन पाल सहित समस्त उप जिलाधिकारी मौजूद रहे।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार