पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने गांवों में किया जनसंवाद, सुनीं लोगों की समस्याएं
मीरजापुर, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर जिले की पूर्व जिलाधिकारी और पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल शुक्रवार को जन नीति भारत पार्टी के बैनर तले क्षेत्र के दौरे पर पहुंचीं। उन्होंने अमोई, खंतरा, सुगापांख, रजौहा और मड़िहान तहसील व बाजार में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों और महिलाओं ने उनका स्वागत किया।
पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत हुए जनसंवाद में दिव्या मित्तल ने लोगों से सीधे बातचीत की। कहीं मंच उपलब्ध नहीं होने पर वह पेड़ के नीचे बनी पुलिया पर खड़े होकर ही लोगों से रूबरू हुईं। उन्होंने कहा कि जनता को तय करना होगा कि असली मालिक कौन है—जनता या चुने हुए जनप्रतिनिधि। उन्होंने लोगों से जाति, बिरादरी और धर्म से ऊपर उठकर विकास के मुद्दे पर मतदान करने की अपील की। कहा कि चुनाव के समय कई लोग पैसे का प्रलोभन देंगे, लेकिन मतदाताओं को विकास और जनहित को ध्यान में रखकर निर्णय लेना चाहिए।
दिव्या मित्तल ने पद छोड़ने के बाद जनता से सीधे जुड़ने और उनकी समस्याएं समझने के उद्देश्य से जन नीति भारत के गठन की बात कही। दौरे के दौरान निखिल सोनी, शुभम, अजय अग्रहरी, वीरू, दिलीप, सुरेश सिंह, हनुमान दास सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा