मण्डलायुक्त ने लंबित राजस्व वादों के अधिक संख्या में लंबित होने पर जताई नाराजगी
मीरजापुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। विन्ध्याचल मंडल के मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश ने सोमवार को तहसील व विकास खंड लालगंज का वार्षिक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। तहसील सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने धारा-34 सहित तीन से पांच वर्ष से लंबित राजस्व वादों के अधिक संख्या में लंबित होने पर नाराजगी जताई और प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों के लटकने से आमजन को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है, इसलिए सभी लंबित प्रकरणों की सूची बनाकर नियमित समीक्षा की जाए। लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर में निर्माणाधीन आवासीय भवन के कार्यों की सुस्त प्रगति पर भी मण्डलायुक्त ने नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था को समय सीमा में निर्माण पूरा करने की हिदायत दी। कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं व लंबित भुगतानों की भी जांच कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
इसके बाद विकास खंड परिसर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ग्राम पंचायत अतरैला में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। आवास, पेंशन, राशन कार्ड व पेयजल योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी।
मण्डलायुक्त ने अन्नपूर्णा भवन का लोकार्पण किया और सेनेटरी पैड निर्माण प्लांट का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। निर्माणाधीन विन्ध्य मार्ट का भी निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चन्द्र, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या आर.एन. यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट महेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा