मंडलायुक्त ने क्रय केंद्रों का लिया जायजा , किसानों से पूछी बिक्री व्यवस्था आ रही दिक्कतें
मीरजापुर, 11 मई (हि.स.)। मंडलायुक्त राजेश प्रकाश सोमवार को अचानक सदर तहसील क्षेत्र मेंगेहूं खरीद व्यवस्था की जमीनी स्थिति परखने के लिए क्रय केंद्रों पर पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले जंगी रोड स्थित मंडी समिति परिसर में खाद्य एवं रसद विभाग के गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने तौल कांटा, नमी जांच, बोरों की उपलब्धता और किसानों के लिए पेयजल व बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया। केंद्र प्रभारी ने बताया कि अब तक 24 किसानों से 704 कुंतल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। निरीक्षण के दौरान एक किसान ने खतौनी मिलान में तकनीकी दिक्कत के कारण गेहूं की तौल न होने की शिकायत की। इस पर मंडलायुक्त ने उपजिलाधिकारी सदर को फोन कर तत्काल समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वयं कई बोरियों की तौल कराकर व्यवस्था की जांच भी की।
इसके बाद मंडलायुक्त भरूहना स्थित यूपीएसएस के गेहूं क्रय केंद्र पहुंचे। यहां भी किसानों से बातचीत कर खरीद की स्थिति जानी। केंद्र प्रभारी ने बताया कि अब तक लगभग 600 कुंतल गेहूं खरीदा गया है। मंडलायुक्त ने कहा कि केंद्र प्रभारी पंजीकृत किसानों से लगातार संपर्क बनाए रखें और उन्हें समय से गेहूं लेकर केंद्र तक आने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लक्ष्य का करीब 48 प्रतिशत पूरा
जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि जनपद में 56 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीद लक्ष्य निर्धारित है। इसके सापेक्ष विभिन्न एजेंसियों के 103 केंद्रों पर अब तक 21,232.27 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है, जो कुल लक्ष्य का 47.91 प्रतिशत है। निरीक्षण के दौरान संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी राजेश्वर सिंह और जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव सिंह भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा