गंगा में डूबे किशोर की तलाश में जुटे गोताखोर, एसडीआरएफ का इंतजार
मीरजापुर, 23 सितंबर (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के गोगांव स्थित शिवाला घाट पर बुधवार सुबह गंगा स्नान के दौरान दो किशोर गहरे पानी में चले गए। मछुआरों ने एक किशोर को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने का इंतजार है।
गांव निवासी अनिल तिवारी का बेटा राहुल तिवारी (17) भदोही के कोइरौना थाना क्षेत्र के अतरौरा गांव निवासी अपने बुआ के बेटे कन्हैया उर्फ कान्हा पांडेय (16) पुत्र अरविंद पांडेय के साथ बुधवार सुबह करीब दस बजे शिवाला घाट पर गंगा स्नान करने गया था। स्नान के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
घाट से कुछ दूरी पर मछली पकड़ रहे मछुआरों ने कन्हैया को देख लिया और कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाल लिया। राहुल का पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारकर तलाश कराई।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि एसडीआरएफ टीम को सूचना दी गई है। टीम के पहुंचने के बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर किशोर की तलाश की जाएगी। राहुल के डूबने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और गांव के लोग उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद में घाट पर डटे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा