प्रधानमंत्री की अपील का देश ने किया स्वागत जबकि विपक्ष कर रहा नकारात्मक राजनीति: केशव प्रसाद मौर्य
एसी कमरे में बैठकर ट्वीट करते हैं अखिलेश यादव उनका पीडीए फर्जी: केशव प्रसाद मौर्य
प्रयागराज, 16 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डीजल पेट्रोल की खपत कम करने की अपील व उस पर अखिलेश यादव के कटाक्ष पर कहा कि अखिलेश यादव का काम सिर्फ एसी कमरे में बैठकर ट्वीट करना है। उनका पीडीए फर्जी, गरीब विरोधी एवं जातिवादी है। जनता ने प्रधानमंत्री की अपील का स्वागत किया है, जबकि विपक्ष नकारात्मक राजनीति कर रहा है। यह बात दो दिवसीय प्रवास पर शनिवार को प्रयागराज पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में मीडिया से औपचारिक बातचीत में कही।
उन्होंने बताया कि, स्वयं अपनी फ्लीट में कटौती की है और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों ने भी अपने काफिलों में कमी की है। इससे पहले भी जब जब वैश्विक संकट आया तत्कालीन नेतृत्व ने भी ऐसी अपील की थी। बतौर उदाहरण भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जिन्होंने जय जवान जय किसान का नारा दिया था व देशवासियों से एक समय भोजन करने की अपील की थी। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी 1967 में सोना न खरीदने की अपील की थी।
एमपी एमएलए कोर्ट द्वारा आजम खान को 2019 में हेट स्पीच के मामले में सजा सुनाए जाने के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि ये न्यायालय का फैसला है। जो कोई अपराध करेगा, न्यायालय गुण दोष के आधार पर फैसला करेगा। प्रधानमंत्री की अपील के बाद अखिलेश यादव द्वारा कटाक्ष के रूप में साइकिल ही अच्छी है, उस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव को ये गलतफहमी है कि सपा की साइकिल अच्छी है जबकि सपा की साइकिल 2014 व 2017 में ही पंचर हो गई है। ये जो साइकिल है वो देश के नागरिकों की है। जिससे स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। लेकिन सपा की साइकिल को हाथ लगाने से स्वास्थ्य खराब हो जाएगा। उत्तर प्रदेश का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा जीवन संकट में पड़ जाएगा।
प्रदेश सरकार के नवनियुक्त मंत्रियों को मंत्रालय न मिलने पर अखिलेश यादव द्वारा प्रश्न उठाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अपनी सीमा के अधिकारों का उल्लंघन कर रहे हैं। मंत्रिपरिषद में किसे शामिल करना कौन सा विभाग देना ये मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार होता है। अखिलेश यादव कहते रहें। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले पर डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार कदम उठा रही है।
--2027 के लिए पसीना बहाएं कार्यकर्ता
सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं जनप्रतिनिधियों से संवाद के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2014 में लोकसभा व 2017 में यूपी विधानसभा चुनाव में विजय के बाद जो आनंद मिला था वही आनंद पश्चिम बंगाल व असम चुनाव में जीत के बाद मिल रहा है। अब 2027 में उत्तर प्रदेश पर पूरे देश की नजर है। प्रयागराज की सभी 12 सीटों को जीतना है और इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता पसीना बहाएं। अलोपीबाग वार्ड में पार्षद पद पर भाजपा प्रत्याशी सचिन मिश्रा की जीत पर डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की डीजल पेट्रोल बचाने की अपील पर कार्यकर्ता अमल करें। और दूसरों को ऐसा करने के लिए प्रेरित करें। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीके सिंह, रणजीत सिंह, प्रभा शंकर पांडेय, आनंद सोनकर, अनुज कुशवाहा, प्रमोद मोदी, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, विश्वास श्रीवास्तव, पार्षद आशीष द्विवेदी, दीपिका पटेल, प्रियंका पाराशर, कंचनलता कुशवाहा, वंदना शर्मा, रवि केसरवानी, विजय द्विवेदी, कमलेश गौतम, पीयूष जायसवाल आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल