पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने किया मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन
धार्मिक स्थलों का हो रहा विकास — दिनेश शर्मा
मीरजापुर, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा ने बुधवार शाम लगभग पांच बजे मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। पुरानी वीआईपी मार्ग से पहुंचे दिनेश शर्मा ने पूजन सामग्री के साथ गर्भगृह में प्रवेश कर विधि-विधान से मां का चरण पूजन किया तथा मंदिर परिसर में विराजमान देवी-देवताओं की परिक्रमा की। उनका दर्शन-पूजन चित्रसेन मिश्रा ने संपन्न कराया।
दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिनेश शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले मां विंध्यवासिनी धाम की गलियां काफी संकरी थीं, जिससे श्रद्धालुओं को काफी असुविधा होती थी, लेकिन विंध्य कॉरिडोर बनने के बाद श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि अब लाखों श्रद्धालु सुगमता के साथ दर्शन-पूजन कर रहे हैं और विंध्याचल धाम की सुंदरता में भी वृद्धि हुई है। विंध्य कॉरिडोर के कारण श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा विंध्य क्षेत्र के विकास के लिए और भी कई योजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिन्हें जल्द ही धरातल पर उतारा जाएगा।
दिनेश शर्मा ने कहा कि आज मथुरा, काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विंध्यवासिनी मंदिर तथा राम मंदिर अयोध्या जैसे धार्मिक स्थल देश के बड़े आस्था केंद्र बनते जा रहे हैं। धार्मिक पर्यटन से उत्तर प्रदेश की आय में भी वृद्धि होगी और आस्था का सम्मान भी बढ़ेगा।
उन्होंने मां विंध्यवासिनी से प्रदेश की उन्नति तथा सभी लोगों के कष्टों के निवारण की कामना की।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा