डिजिटल प्रशिक्षण अभियान को लेकर भाजपा पदाधिकारियों की बैठक, संत रविदास जयंती कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा

 


मीरजापुर, 25 जुलाई (हि.स.)। पं. दीनदयाल उपाध्यायपुरम कॉलोनी, बरौधा कचार स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर शनिवार को जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, डिजिटल प्रशिक्षण अभियान (डीएलपी) और संत शिरोमणि रविदास जयंती समारोह को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने कहा कि पार्टी के प्राथमिक सदस्य से लेकर वरिष्ठ पदाधिकारियों तक सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा की रीति-नीति और संगठनात्मक कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम (डीएलपी) के माध्यम से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में पार्टी नेतृत्व के निर्णय के अनुसार 29 जुलाई से 20 फरवरी 2027 तक संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई। विभिन्न आयोजनों के सफल संचालन के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रविशंकर पांडेय ने किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष बालेंदुमणि त्रिपाठी, हेमंत, रवीन्द्र नारायण सिंह, गौरव ऊमर, चिंतामणि मौर्य, सुनीता शर्मा, उदयभान तिवारी, जिला महामंत्री डॉ. सी.एल. बिंद, जिलामंत्री संध्या पटेल, आलोक सिंह, वीरेंद्र प्रताप यादव, पूनम चौरसिया तथा जिला कोषाध्यक्ष चन्द्रांशु गोयल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा