नवरात्र में विंध्यधाम पहुंचे यूपी डीजीपी, मां के दर्शन के बाद गौ तस्करी पर कसा शिकंजा

 


मीरजापुर, 22 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के चौथे दिन रविवार को उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण विंध्यधाम पहुंचे, जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी देवी के दरबार में विधिवत दर्शन-पूजन किया। आस्था और प्रशासन-दोनों मोर्चों पर सक्रिय दिखे डीजीपी ने अष्टभुजा डाक बंगले पर अधिकारियों के साथ अहम समीक्षा बैठक भी की।

बैठक में मिर्जापुर रेंज के पुलिस अधीक्षकों के साथ जौनपुर के एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया। डीजीपी ने खास तौर पर गौ तस्करी के मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस अपराध में शामिल संगठित नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में ऐसे नेटवर्क को तोड़ा गया है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए गए हैं।

नवरात्र मेले के मद्देनजर कानून-व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा हुई। डीजीपी ने कहा कि विंध्यधाम की सुरक्षा को लेकर एक विस्तृत प्लान तैयार किया गया है, जिसे जल्द लागू किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन मिल सके।

मथुरा की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि “विजिलांटे” कार्रवाई पूरी तरह गलत है। किसी भी सूचना पर आम लोगों को खुद कार्रवाई करने के बजाय पुलिस को सूचित करना चाहिए। उन्होंने बताया कि हालिया मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और जांच जारी है।

बैठक के बाद डीजीपी ने अधिकारियों के साथ मां के दरबार में हाजिरी लगाई। इस दौरान एडीजी पीयूष मोरडिया, आईजी आर.पी. सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा