जौनपुर : जीआरपी थाना परिसर में बनी नई पुलिस बैरक का डीजी रेलवे प्रकाश डी. ने किया उद्घाटन

 




जौनपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित जीआरपी थाना परिसर में मंगलवार को पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी. ने 17 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पुलिस बैरक का उद्घाटन किया। इस दौरान परिसर में पौधरोपण भी किया गया। नई बैरक से यहां तैनात पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी।

इस अवसर पर डीजी रेलवे प्रकाश डी. ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश जीआरपी के लिए महत्वपूर्ण दिन है। नवनिर्मित बैरक अब रेलवे पुलिस को सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि रेलवे और यात्रियों की सुरक्षा के साथ रेल पटरी की सुरक्षा जीआरपी की प्राथमिकता है। इसी दिशा में कार्ययोजना बनाकर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलने से उनकी कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी।

डीजी रेलवे ने जीआरपी के सामने आने वाली चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा के लिए जीआरपी, आरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां समन्वय से काम कर रही हैं। ट्रेनों में जहरखुरानी की घटनाओं को रोकने के लिए भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

उन्होंने ट्रेनों पर पथराव और रेल पटरी पर सामान रखकर रेल संचालन बाधित करने की घटनाओं को भी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि इन मामलों में जीआरपी सतर्कता से काम कर रही है।

डीजी रेलवे ने यात्रियों से अपील की कि वे अनजान लोगों से खाने-पीने की कोई वस्तु न लें और अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक रेलवे जोन प्रयागराज प्रशांत वर्मा, पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग प्रयागराज, एसपी जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव