देवोत्थानी एकादशी शुक्रवार को मनायी जाएगी
लखनऊ, 19 नवंबर (हि.स.)। इस बार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष देवउठनी (देवोत्थानी) एकादशी तिथि गुरूवार को अपराह्न 2:30 बजे के बाद से प्रारम्भ हो गयी है। यह शुक्रावार को यानि 20 नवंबर को 1:54 बजे तक रहेगी।
आचार्य प्रदीप तिवारी ने बताया कि इस बार उत्तराभाद्रपद युक्त एकादशी प्राप्त होने से इसका महत्व और बढ़ गया है। ऐसा हमारे पुराणों में आया है। कार्तिक मास में शुक्ल पक्ष की एकादशी उत्तराभाद्र युक्त हो तो उसका महत्व बारहपुरण में स्पष्ट दिया है।
अनंत फल की प्राप्ति- वराह पुराण के वचन उत्तराभाद्रसंयोगे अनन्ता सा प्रकीर्तिता के अनुसार, जब कार्तिक शुक्ल एकादशी को उत्तराभाद्रपद नक्षत्र का संयोग मिलता है, तो वह 'अनंता' कहलाती है और व्रत करने वाले को अनंत (अक्षय) पुण्य फल प्रदान करती है।
यज्ञों के समान फल-सामान्य रूप से भी प्रबोधिनी एकादशी का व्रत करने से हजार अश्वमेध यज्ञ और सौ राजसूय यज्ञों के बराबर पुण्य प्राप्त होता है। इस विशेष नक्षत्र संयोग में इसका महत्व कई गुना और बढ़ जाता है।
पापों का नाश और मोक्ष- इस पावन संयोग में भगवान विष्णु की पूजा, व्रत और रात्रि जागरण करने से जन्म-जन्मांतर के बड़े से बड़े पाप नष्ट हो जाते हैं। इससे साधक को अंत में विष्णुलोक (मोक्ष) की प्राप्ति होती है।
पितरों का उद्धार- इस एकादशी के प्रभाव से न केवल व्रत करने वाले का कल्याण होता है, बल्कि उसके पितरों को भी उत्तम गति और विष्णुलोक की प्राप्ति होती है।
योगनिद्रा से जागरण- इसी तिथि पर भगवान विष्णु चार मास की योगनिद्रा से जागते हैं और सृष्टि का कार्यभार पुनः संभालते हैं। इस दिन तुलसी-शालिग्राम पूजन और दीपदान करने से घर में सुख-समृद्धि और लक्ष्मी का वास होता है। आचार्य प्रदीप तिवारी ने बताया कि शनिवार को सूर्योदय के उपरांत पारण किया जा सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय