कन्हैया की छठी पर भजनों से गूंजा राम मंदिर, कृष्ण भक्ति में झूमे श्रद्धालु

 


मीरजापुर, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के चुनार नगर के गंगेश्वर नाथ स्थित राम मंदिर में बुधवार रात भगवान श्रीकृष्ण की छठी धूमधाम से मनाई गई। फूल-पत्तियों से सजे मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजन के बाद देर रात तक भजन संध्या हुई। भजनों की धुन पर श्रद्धालु कृष्ण भक्ति में झूमते रहे।

मुख्य अतिथि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के अर्चक श्रीकांत मिश्र ‘छोटे गुरुजी’ ने कन्हैया का पूजन-अर्चन कराया। मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। पूजन के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। भजन संध्या में देवेंद्र झा और राघवेंद्र शर्मा ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। ‘नंद घर आनंद भयो’ और ‘श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। तबले पर सौरभ, नाल पर हिमांशु सिंह, पैड पर अंकित मिश्रा और कीबोर्ड पर गौरव ने संगत की।

आयोजक वरिष्ठ अधिवक्ता शशिकांत मिश्र ने बताया कि हर वर्ष भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के छठे दिन छठी महोत्सव आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम में कविता मिश्रा, अर्चा मिश्रा, योगेश पांडेय, शिवकांत पाठक, अनिल मिश्रा, मनीष राय, राजू यादव समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साह से भाग लिया।

चुनार कोतवाली में भी मनी कन्हैया की छठी

चुनार कोतवाली परिसर में भी भगवान श्रीकृष्ण की छठी मनाई गई। पुजारी अनिल मिश्र ने विधि-विधान से पूजन कराया। आराधना मिश्रा और महिला कांस्टेबलों ने भजन-कीर्तन किया। इस दौरान कांस्टेबल विमलेश सिंह समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा