नवरात्र के चौथे दिन विंध्यधाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, मां के दर्शन को लगी लंबी कतार
- गंगा स्नान के बाद भक्तों ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में टेका मत्था, अष्टभुजा और कालीखोह में भी उमड़ी भीड़
मीरजापुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को मां विंध्यवासिनी के दरबार में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। भोर से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की कतार लग गई। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में मत्था टेका और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घंटा-घड़ियाल और मां के जयकारों से विंध्यधाम देर रात तक गूंजता रहा।
मंगला आरती से पहले ही मंदिर के बाहर दर्शनार्थियों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। श्रद्धालुओं ने मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना कर नारियल, चुनरी और पुष्प अर्पित किए। गुड़हल, कमल और गुलाब के फूलों से सजे मां के दिव्य स्वरूप का दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां देकर मंगल कामना की।
नवरात्र के चलते विंध्याचल क्षेत्र में जगह-जगह धार्मिक अनुष्ठान और हवन-पूजन का दौर चलता रहा। मां विंध्यवासिनी के साथ अष्टभुजा पहाड़ स्थित मां अष्टभुजी, मां महाकाली और मां तारा देवी के मंदिरों में भी दर्शनार्थियों की भीड़ रही। मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया है।
श्रद्धालुओं को दर्शन में असुविधा न हो, इसके लिए पंडा समाज और प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं की गईं। भीड़ को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रखी गई।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा