देवोत्थान एकादशी पर ब्रजभूमि में उमड़ा आस्था का सैलाब, नंगे पैर और दंडवत परिक्रमा कर श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
मथुरा, 20 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक मास के पावन अवसर पर शुक्रवार को देवोत्थान एकादशी पर धर्म नगरी मथुरा और वृंदावन में आस्था का अद्भूत सैलाब देरशाम तक उमड़ता रहा। चार महीने के अंतराल के बाद जैसे ही एकादशी की परिक्रमा शुरू हुई, पूरा ब्रजमंडल भक्ति के रंग में रंग गया। शुक्रवार सुबह की पहली किरण के साथ ही परिक्रमा मार्गों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई।
वृंदावन की पवित्र परिक्रमा में अनूठा दृश्य देखने को मिला, जहां कई भक्तों ने कठिन साधना करते हुए दंडवत परिक्रमा लगाई। श्रद्धालु जमीन पर लेटकर दंडवत प्रणाम करते और फिर उसी स्थान से आगे बढ़ते हुए अपनी गहरी आस्था प्रकट कर रहे थे। वहीं, बड़ी संख्या में श्रद्धालु बिना चप्पलों के नंगे पैर परिक्रमा लगाते दिखे, तो कई भक्तों ने हाथों में तुलसी के पौधे लेकर मार्ग तय किया। देवोत्थान एकादशी पर यमुना स्नान और दीपदान का विशेष महत्व है। सुबह से ही यमुना के विभिन्न घाटों पर स्नान करने वालों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने मां यमुना में आस्था की डुबकी लगाकर विधिवत पूजन किया। शाम ढलते ही यमुना किनारे दीप जलाने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घाटों के आसपास सजी फूल-माला और दीपकों की दुकानों से पूरा क्षेत्र रोशन हो गया।
परिक्रमा मार्ग में जगह-जगह हो रहे भजन-संकीर्तन और हरिनाम संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया। उम्र और ठंड की परवाह किए बिना महिला, पुरुष और बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ परिक्रमा में भाग लिया। जयकारों और मंदिरों में हुए दर्शन ने ब्रज की सनातन परंपरा और अटूट श्रद्धा का अनूठा नजारा पेश किया।
देवोत्थान एकादशी पर पंचकोसीय परिक्रमा को उमड़ा भक्तों का सैलाब
देवोत्थान एकादशी पर तीर्थनगरी वृंदावन में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने ठा. बांकेबिहारी, राधावल्लभ, राधारमण आदि विग्रहों के दर्शन करने के बाद वृंदावन की पंचकोसीय परिक्रमा शुरू की। शुक्रवार को प्रातः काल से ही परिक्रमा मार्ग पर भक्तों का रेला उमड़ पड़ा, जिससे अटूट मानव श्रृंखला बन गई। पूरी नगरी राधे-राधे और बांकेबिहारी लाल के जयकारों से गुंजित हो गई।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार