मीरजापुर के गड़बड़ा धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, दस हजार भक्तों ने किए दर्शन

 


मीरजापुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर हलिया थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध गड़बड़ा धाम में सोमवार को मां शीतला के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां शीतला का पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि और रोग निवारण की कामना की। दूरदराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। मंदिर परिसर में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की खासा भीड़ रही।

भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और मंदिर समिति व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय रहे। वहीं मंदिर के आसपास प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही। मंदिर पुजारी मंगलधारी ने बताया कि सुबह से लगभग 10 हजार श्रद्धालु मां के चरणों में मत्था टेक चुके हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि मां शीतला के दर्शन से रोगों से मुक्ति मिलती है और घर-परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा