बाराबंकी : देवा महोत्सव के दंगल में पहलवानों ने दिखाए दमखम, रोमांचक मुकाबलों पर बजतीं रहीं तालियां

 


बाराबंकी, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी में देवा महोत्सव-2026 में सोमवार को आयोजित विश्व स्तरीय दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती के हुनर से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अखाड़े में उतरे पहलवानों के बीच जीत के लिए जोरदार संघर्ष देखने को मिला। कई मुकाबलों में शानदार दांव-पेच के जरिए खिलाड़ियों ने दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा नेपाल और भूटान के पहलवान भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता के पहले दिन अयोध्या के पहलवानों का विशेष दबदबा रहा। शुरुआती मुकाबले में अयोध्या के बजरंगी ने देवा के हाशिम को हराकर जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में अयोध्या के जीतू दास ने कानपुर के इंद्रभान को पराजित किया। बाराबंकी के मुशीर केसरई और प्रयागराज के संतोष के बीच हुआ मुकाबला चोट लगने के कारण स्थगित करना पड़ा। वहीं, अयोध्या के राहुल दास और राजस्थान के जालिम सिंह के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित 10 मिनट में फैसला नहीं होने पर रेफरी ने दो मिनट का अतिरिक्त समय दिया, जिसमें राहुल दास ने बाजी मार ली। इसके बाद राजस्थान के शैतान सिंह को अयोध्या के जीतू दास ने महज दो मिनट में चित कर दिया।

दंगल में एक के बाद एक रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेच और दमखम पर दर्शक तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाते रहे। प्रतियोगिता के आगामी दो दिनों में भी देश-विदेश के नामचीन पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले देखने को मिलेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी