महिला आरक्षण का विरोध करने वालों का महिलाएं करेंगी हिसाब : केशव प्रसाद मौर्य
2027 में यूपी में सपा साफ और 2029 में कांग्रेस हाफ होगी: डिप्टी सीएम
प्रयागराज, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महिला आरक्षण को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने वालों को आने वाले चुनावों में देश की महिलाएं जवाब देंगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का सफाया हो जाएगा, जबकि 2029 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस आधी रह जाएगी।
प्रयागराज दौरे पर आए डिप्टी सीएम ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और सपा ने लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के विरोध में मतदान कर यह स्पष्ट कर दिया है कि वे महिलाओं को बराबरी का अधिकार नहीं देना चाहते।
उन्होंने इन दलों पर “पुरुषवादी सोच” से ग्रसित होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और महिला आरक्षण लागू करके रहेगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा, कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके द्वारा महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करना और उसके पारित न होने पर जश्न मनाना देश की महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को यह समझ लेना चाहिए कि महिलाओं का आक्रोश आने वाले हर चुनाव में उन्हें भारी पड़ेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रयागराज नगर निगम के वार्ड 48 (आलोपी बाग) के उपचुनाव में पूरी ताकत से जुटें और जनता, विशेषकर महिलाओं को विपक्ष के रुख के बारे में अवगत कराएं।
इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल