सैफई परिवार का 2047 तक मुख्यमंत्री बनने का सपना अधूरा ही रहेगा : केशव प्रसाद मौर्य

 


लखनऊ, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, 2027 क्या, 2047 तक भी सैफई परिवार का मुख्यमंत्री बनने का सपना अधूरा ही रहेगा।

केशव मौर्य ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा है कि सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव जी, आपके इशारों पर मर्यादा लांघकर ‘फर्जी पीडीए’ परोसने वालों को उत्तर प्रदेश की जागरूक जनता भली-भांति पहचानती है। सदन में आपकी भाषा और आचरण ही आपके समर्थकों की शैली और व्यवहार में साफ-साफ दिखाई पड़ते हैं और यही आपकी राजनीति की असल फितरत भी बेनकाब करते हैं। सपा का पूरा इतिहास अराजकता, जुल्म और गुंडागर्दी के काले पन्नों से भरा रहा है, जिसे प्रदेश की जनता अब दोबारा स्वीकार करने वाली नहीं है। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में फिर एक बार कमल खिलेगा और सुशासन कायम रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक