मथुरा में बनेगा भव्य कृष्ण मंदिर, अखिलेश यादव चाहें तो साथ आएं: केशव प्रसाद मौर्य
मथुरा, 16 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने फरह के परखम अनुसंधान केंद्र में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर के दौरान एक तीखा और स्पष्ट राजनीतिक संदेश दिया है। उन्होंने दो टूक कहा कि वर्तमान सरकार का मुख्य लक्ष्य प्रदेश से गुंडागर्दी, अपराध और माफिया राज का पूरी तरह सफाया करना और विकसित भारत के संकल्प के तहत विकसित उत्तर प्रदेश का निर्माण करना है।
उपमुख्यमंत्री मौर्य ने स्पष्ट किया कि आने वाले चुनावों में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा सबसे अहम होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस प्रकार अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बना है, उसी प्रकार मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनेगा-चाहे यह मार्ग न्यायिक प्रक्रिया से तय हो या आपसी बातचीत से।
अखिलेश यादव को लेकर उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि यदि सपा प्रमुख कारसेवा में शामिल होना चाहें, तो वे उनके साथ मिलकर भी भगवान कृष्ण का मंदिर बनाने को तैयार हैं। वहीं, अखिलेश के (लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा) वाले बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को लैपटॉप की नहीं, बल्कि कट्टे, बम, गुंडों और माफियाओं की बात शोभा देती है, क्योंकि जनता ने 2012 से 2017 तक उनका शासन देख लिया है। दलित सम्मेलन में दिए गए बयानों पर नाराजगी जताते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने दलितों को मूर्ख कहा है, जो कि दलित समाज और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का सीधा अपमान है। उन्होंने मांग की कि इस मामले पर सपा मुखिया अखिलेश यादव को तुरंत माफी मांगनी चाहिए।
उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जो पार्टी दलितों के महासम्मेलन में उन्हें गाली दे, वह न तो पिछड़ों की, न दलितों की और न ही गरीबों व महिलाओं की हितैषी हो सकती है। यह केवल परिवारवाद और अपराधियों की समर्थक पार्टी है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार