वेतन बकाया पर हिनौती डिपो का गेट जाम, श्रमिकों का प्रदर्शन

 


मीरजापुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। विकास खंड पहाड़ी के हिनौती स्थित इंडियन ऑयल डिपो पर सोमवार को वेतन बकाया व ओवरटाइम भुगतान को लेकर श्रमिकों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में श्रमिकों ने डिपो के मुख्य गेट पर धरना देकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।

श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें समय से मजदूरी नहीं मिल रही है, जिससे आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। ओवरटाइम करने के बावजूद भुगतान नहीं होने और कार्य व्यवस्था स्पष्ट न होने से नाराजगी बढ़ी है। श्रमिकों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा। बताया गया कि डिपो में अलग-अलग कंपनियों के तहत कार्य कराया जा रहा है, लेकिन भुगतान व्यवस्था सुचारू नहीं है।

मौके पर कंपनी प्रतिनिधियों व अधिकारियों ने श्रमिकों से वार्ता कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में शिवम पांडेय, पंकज, सुशील चौधरी, अजय चौधरी समेत सैकड़ों श्रमिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा