महिलाओं को प्रसव दूर जाने की जरूरत नहीं : सीएमओ
देवरिया, 06 मार्च (हि.स.)। देवरिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ ) अनिल कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को रामपुर कारखाना ब्लॉक के सहबाजपुर गांव स्थित में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव केंद्र का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्हाेंने स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर गांव की महिला को उसकी नजदीकी पीएचसी में डिलीवरी प्वाइंट पर प्रसव की अच्छी व्यवस्था के लिए निर्देश भी दिया।
उन्होंने कहा कि सहबाजपुर, रुस्तमपुर गांव समेत आस पास जुड़े गाँव की महिलाओं को प्रसव के समय पीएचसी रामपुर कारखाना या मेडिकल कालेज से जाना पड़ता था। जिसके कारण क्षेत्र की गर्भवती को परेशानियों का सामना करना पड़ता था, अब प्रसव की सुविधा आसानी से गाँव में ही मिल सकेगी। जिससे महिलाओं को प्रसव के दौरान दूर जाने की आवश्यकता नही है। सीएमओ ने कहा कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को इस केंद्र पर लाएं, यहीं उनका प्रसव कराया जाएगा। केंद्र पर परिवार नियोजन के साधन और महिला नसबंदी की सुविधाएं भी उपलब्ध है।
केंद्र पर डॉ. रवि मद्देशिया, स्टाफ नर्स अनुराधा और एएनएम पूजा, फार्मासिस्ट शेषनाथ यादव, चौकीदार गुड्डू की तैनाती की गई है जो स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। कार्यक्रम में डिप्टी सीएमओ डॉ अश्वनी पाण्डेय, एमओआईसी डॉ विनीत, डीएमएचसी विश्वनाथ मल्ल, ग्राम प्रधान यशोदा देवी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुन्ना यादव सहित आशा और काफी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं।
------------
-
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक