देवरिया में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक
देवरिया, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन को लेकर साेमवार काे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीमों ने क्षेत्र में अभियान चलाया।
इसी क्रम में थाना बघौचघाट की मिशन शक्ति टीम ने कस्बा बघौचघाट में महिलाओं, बच्चियों और छात्राओं को पंपलेट वितरित कर जागरूक किया। विभिन्न योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों जैसे डायल-112, हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 एवं साइबर हेल्पलाइन-1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
थाना मदनपुर की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम बहसुवां में महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया। टीम ने उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। इसके अलावा जिले के अन्य थानों की एंटी रोमियो व मिशन शक्ति टीमों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को पंपलेट वितरित कर उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आपातकालीन सेवाओं के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक