मोटे अनाज का सेवन स्वास्थ्य के लिए जरूरी, कृषि विभाग की गोष्ठी में किसानों को किया गया जागरूक

 




देवरिया, 24 जुलाई (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सदर विकासखंड में कृषि विभाग की ओर से शुक्रवार काे आयोजित जागरूकता गोष्ठी में मोटे अनाज (श्री अन्न) के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कृषि विशेषज्ञों ने किसानों तथा आम लोगों से अपने दैनिक भोजन में मोटे अनाज को शामिल करने की अपील की गयी ।

खंड विकास अधिकारी पन्ना लाल यादव ने कहा कि लगभग 50 वर्ष पहले अधिकांश लोग मोटे अनाज का सेवन करते थे। उस समय लोगों की हड्डियां अधिक मजबूत होती थीं, मानसिक संतुलन बेहतर रहता था और उनकी आयु भी अपेक्षाकृत अधिक होती थी। उन्होंने कहा कि आधुनिक खानपान की आदतों के कारण लोगों ने मोटे अनाज का उपयोग कम कर दिया है, जिसका असर स्वास्थ्य पर भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने सरकार की श्री अन्न प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ उठाते हुए अपने भोजन में मोटे अनाज को शामिल करने की अपील की। वस्तु विशेषज्ञ धीरेंद्र सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

गोष्ठी में सहायक विकास अधिकारी (आरडी) गंगेश शुक्ला, कृषि वैज्ञानिक फूलचंद वर्मा, कृषि वैज्ञानिक संतोष कुमार चतुर्वेदी, विकास कुमार (एसपीपीओ), सहायक विकास अधिकारी (कृषि) संजय कुमार यादव, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी शिवकुमार तथा ब्लॉक मिशन प्रबंधक कंचन लता त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक