देवरिया में बिजली कटौती के विरोध में सपा का प्रदर्शन, 48 घंटे में आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो करेंगे भूख हड़ताल
देवरिया, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में बिजली कटौती के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बरहज तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता लालटेन और हाथ वाले पंखे लेकर तहसील पहुंचे तथा प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार बरहज को सौंपकर विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान विजय रावत ने कहा कि बरहज नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले 48 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। लगातार बिजली कटौती के कारण आम जनता, व्यापारी, किसान और नौजवान सभी परेशान हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और बिजली संकट का शीघ्र समाधान करने की मांग की। इस अवसर पर विकास यादव, अमित प्रधान, अजीत प्रसाद, राहुल सिंह, संजय सिंह, रामपाल चौहान, पट्टू यादव, छोटे लाल यादव, वीरेंद्र कुमार, राकेश राजभर सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक