वन विहार कार्यक्रम में दिखा उत्साह, 1000 स्वयंसेवकों ने सीखा संगठन और राष्ट्रसेवा का पाठ

 




देवरिया, 12 जुलाई (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की देवरिया नगर इकाई द्वारा रविवार को अहिल्यापुर स्थित अहिलवार माता मंदिर परिसर में वन विहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग एक हजार स्वयंसेवकों ने सहभागिता करते हुए संगठनात्मक एकता, राष्ट्रसेवा और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संघ प्रार्थना एवं ध्वज वंदन के साथ हुआ। इसके बाद स्वयंसेवकों ने सामूहिक खेल, संगठनात्मक संवाद, सहभोज तथा विभिन्न समूह गतिविधियों में भाग लिया। वन विहार के माध्यम से स्वयंसेवकों को प्रकृति के निकट रहकर संगठन की कार्यपद्धति, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों का व्यावहारिक अनुभव कराया गया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और आत्मीयता का वातावरण देखने को मिला।

मुख्य वक्ता के रूप में गोरक्ष प्रांत के विमर्श प्रमुख संकर्षण जी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि वन विहार जैसे कार्यक्रम केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि संगठनात्मक मजबूती, पारस्परिक आत्मीयता और राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ जुड़ाव व्यक्ति के व्यक्तित्व को सकारात्मक दिशा देता है और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करता है।

कार्यक्रम में अवनीश, मकसूदन , राजधारी , आकाश , मुकुंद माधव , अमित, अनुपम सहित बड़ी संख्या में संघ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सहभोज और संगठनात्मक संवाद के साथ हुआ। आयोजन के दौरान स्वयंसेवकों ने सामाजिक एकता, अनुशासन और सेवा भावना को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प भी लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक