देवरिया में नूनखार-बैकुंठपुर मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य तेज, व्यय होंगे 6.78 करोड़

 




देवरिया, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के रामपुर कारखाना क्षेत्र में नूनखार-बैकुंठपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। इससे क्षेत्रीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। इस परियोजना पर करीब 6.78 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस मार्ग के निर्माण को लेकर क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया द्वारा लंबे समय से शासन से मांग की जा रही थी। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण स्थानीय नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विधायक के प्रयासों के बाद शासन द्वारा इस परियोजना के लिए 6.78 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई।

विधिवत पूजन-अर्चन के साथ शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। शिलान्यास के तुरंत बाद सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क के चौड़ीकरण से आवागमन सुगम होगा, जिससे व्यापार, शिक्षा और अन्य दैनिक गतिविधियों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक